पर्यटक गाइड कल्याण बोर्ड गठन की मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी को सौंपा ज्ञापन
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
जयपुर, 17 जून (हि.स.)। राजस्थान के पर्यटक गाइडों के हितों की सुरक्षा और उनके सामाजिक-आर्थिक कल्याण को लेकर पर्यटक गाइड समुदाय ने राजस्थान पर्यटक गाइड कल्याण बोर्ड के गठन की मांग उठाई है। इसी संबंध में बुधवार को सामाजिक कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ पर्यटक गाइड रविशंकर धाभाई के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी से उनके सिविल लाइंस स्थित निवास पर मुलाकात कर 33 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पर्यटक गाइड यूनियन के संरक्षक रविशंकर धाभाई ने किया। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से राज्य सरकार से पर्यटक गाइडों के लिए एक पृथक कल्याण बोर्ड गठित करने की मांग करते हुए कहा कि पर्यटन उद्योग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गाइडों के लिए सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाएं समय की आवश्यकता हैं।
इसके अलावा ज्ञापन में मांग की गई कि 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पर्यटक गाइडों को पेंशन सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा सेवा के दौरान किसी दुर्घटना या हादसे की स्थिति में स्वास्थ्य बीमा, सामाजिक सुरक्षा एवं समुचित उपचार जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं।
प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन क्षेत्र से जुड़े गाइडों की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। गाइडों का कहना था कि राज्य की पर्यटन अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने के बावजूद उन्हें पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
इस दौरान पर्यटक गाइड यूनियन से जुड़े अजय दादर, सरला यादव, प्रदीप चटर्जी, लोकेश मीणा, शैलेन्द्र यादव, ओम शर्मा और दीपक सैनी सहित कई गाइड मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कदम उठाएगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर के पर्यटक गाइड पुनः बड़ी संख्या में जयपुर पहुंचकर शहीद स्मारक पर धरना-प्रदर्शन करने को विवश होंगे।
---------------

