कैथल: राजौंद में डीसी का औचक निरीक्षण, नायब तहसीलदार अनुपस्थित मिलने पर नोटिस
- Vijesh Sharma
- Jun 03, 2026

कैथल, 03 जून । जिला उपायुक्त अपराजिता ने बुधवार को राजौंद में तहसील, बीडीपीओ कार्यालय और नगर पालिका का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार स्नेह लता अनुपस्थित मिलीं। उपायुक्त ने इस पर नाराजगी जताते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय में मौजूद लोगों और शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन के साथ व्यवहार बेहतर रखा जाए और उनके काम तय समय सीमा में निपटाए जाएं, ताकि लोगों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
इसके बाद बीडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने विकास योजनाओं और शिकायत निवारण व्यवस्था की समीक्षा की। बीडीपीओ अनु से जनसंवाद कार्यक्रम, समाधान शिविर और सीएम विंडो के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि लोगों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
नगर पालिका कार्यालय में निरीक्षण के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया। उपायुक्त ने नगर पालिका सचिव नरेंद्र शर्मा को साफ-सफाई को लेकर सख्त निर्देश दिए। साथ ही वर्ष 2023-24 के स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बजट से संबंधित उपयोगिता प्रमाण पत्र (यूसी) तुरंत भेजने के आदेश भी दिए। इसके अलावा नगर पालिका परिसर में चल रहे आधार केंद्र और प्रधानमंत्री आवास योजना विंडो का निरीक्षण कर आवेदनों और उनके निस्तारण की जानकारी ली।
उपायुक्त अपराजिता ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और जनहित के मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
---------------

