माउंट आबू में 'संकल्प पत्र' जारी होने के साथ हुआ 'सुधार उत्सव एवं चिंतन शिविर' का समापन
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
नई दिल्ली/माउंट आबू, 06 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान के माउंट आबू स्थित शांत ज्ञान सरोवर में आयोजित दो दिवसीय 'सुधार उत्सव एवं चिंतन शिविर 2026' कार्यक्रम का समापन 'संकल्प पत्र' जारी करने के साथ हुआ। इसमें संविधान, सत्यनिष्ठा, उत्कृष्टता, नवाचार, सरल, नागरिक-केंद्रित कानून, तकनीक और एआई का उपयोग, सहयोग की संस्कृति शामिल है।
विधि एवं न्याय मंत्रालय के अनुसार यह 'संकल्प पत्र' सचिव डॉ. राजीव मणि ने जारी किया था। इस विशेष शिविर का संचालन विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधायी विभाग और विधि विभाग ने संयुक्त रूप से किया। इसका उद्घाटन केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने किया था, जो 4 और 5 जुलाई को चला। शिविर का मुख्य उद्देश्य देश में एक आधुनिक, प्रौद्योगिकी-आधारित और नागरिक-केंद्रित कानूनी व्यवस्था विकसित करना तथा 2047 तक विकसित भारत के राष्ट्रीय दृष्टिकोण को आगे बढ़ाना था।
इस शिविर के विभिन्न सत्रों में कई महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन किया गया। इस विचार-विमर्श के परिणामस्वरूप एक व्यापक दृष्टिकोण दस्तावेज तैयार किया गया, जिसमें ठोस सुधार प्रस्ताव और संस्थागत सुदृढ़ीकरण के लिए सिफारिशें शामिल हैं।
समापन सत्र के दौरान मेघवाल ने मंत्रालय की हालिया उपलब्धियों की समीक्षा करने, प्रमुख विधिक एवं संस्थागत सुधारों पर चर्चा करने और भारत के कानूनी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए एक दूरदर्शी कार्यसूची तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं, विधायी विभाग एवं विधि विभाग के सचिव डॉ. राजीव मणि ने एक कुशल, सुलभ और भविष्य के लिए तैयार कानूनी व्यवस्था के निर्माण पर जोर दिया जो सुशासन को मजबूत करे।
---------------

