यमुनानगर: परीक्षा के बाद नहाने गए आठवीं कक्षा के दो छात्र नहर में डूबे

यमुनानगर, 21 मार्च (हि.स.)। परीक्षा देने के बाद पश्चिमी यमुना नहर में शुक्रवार काे नहाने गए 17 छात्रों में से नहाते समय सरकारी स्कूल की आठवीं कक्षा के दो छात्र डूब गए। उनके शवों को ढूंढने के लिए गोताखोरों की मदद से तलाश जारी है। दोनों छात्रों की पहचान कृष्णा निवासी विजय कालोनी और लक्की निवासी हमीदा के रूप में हुई। फिलहाल पुलिस मौके पर जांच में जुटी।

शुक्रवार को सदर थाना यमुनानगर पुलिस के जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि सरकारी स्कूल मॉडल टाऊन के 17 छात्र हिंदी का पेपर देकर पश्चिमी यमुना नहर के बाड़ी माजरा पुल के पास नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान आठवीं कक्षा के दो छात्र कृष्णा और लक्की ने नहर पार करने की शर्त लगा ली और नहर में कूद पड़े। पानी के बहाव तेज होने से वें बह गए। बाकी बच्चों ने काफी शोर मचाया, लेकिन वें दिखाई नहीं दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और गोताखोरों को बुलाया गया। पश्चिमी यमुना नहर में बच्चों की तलाश की जा रही है लेकिन अभी तक उनका पता नहीं चल सका। फिलहाल पुलिस मौके पर जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग

   

सम्बंधित खबर