सोनीपत:मुनाफे का झांसा देकर सेवानिवृत्त कर्मचारी से नौ लाख की ठगी, दो महिलाएं गिरफ्तार
- Admin Admin
- Apr 08, 2025

सोनीपत, 8 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के गोहाना शहर में एक रिटायर्ड रोडवेज कर्मी से धोखाधड़ी
का मामला सामने आया है। कपड़े की दुकान के नाम पर मुनाफे का लालच देकर महिला और उसके
बेटे ने बुजुर्ग से नौ लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने जांच के बाद मंगलवार को दो महिला
आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गोहाना थाना शहर पुलिस ने हरियाणा रोडवेज से रिटायर हुए सब-इंस्पेक्टर
सुभाष चंद्र से धोखाधड़ी करने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है
कि दोनों महिलाएं, जो आदर्श नगर गोहाना की रहने वाली हैं, उन्होंने कपड़े की दुकान
के नाम पर सुभाष चंद्र से नौ लाख रुपये उधार लिए और मुनाफा बांटने का वादा किया।
यह मामला 9 जुलाई 2024 को उस समय सामने आया जब पीड़ित सुभाष
चंद्र ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि अगस्त 2022 में आरोपी महिला
और उसका बेटा दीपक उनके पास आए और बिजनेस में साझेदारी का प्रस्ताव दिया। सुभाष चंद्र
ने भरोसे में आकर रकम दे दी, लेकिन वादे के अनुसार न तो मुनाफा मिला और न ही मूल राशि
वापस की गई।
22 जुलाई 2023 को पंचायत में आरोपी ने 60 हजार रुपये एक नवंबर
2023 तक देने का वादा किया, लेकिन वह भी नहीं दिया गया। उल्टा झूठे केस में फंसाने
की धमकी दी गई। थाना शहर गोहाना की टीम ने सहायक उप-निरीक्षक सुनील के नेतृत्व में
दोनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया
गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना