अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हल्द्वानी में सामूहिक योगाभ्यास आयोजित
हल्द्वानी, 21 जून (हि. स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ मंजूनाथ टीसी, दायित्वधारी मोहन पाठक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन शैली का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग का उल्लेख करते हुए नागरिकों से योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त एपी बाजपेयी, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, आयुष विभाग के चिकित्सक एवं पैरामेडिकल कर्मी, छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी, महिलाएं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। योगाभ्यास का संचालन डॉ. कंचन सूंठा चनकन्याल द्वारा कराया गया।

