मानसून को लेकर हल्द्वानी प्रशासन सतर्क,जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
हल्द्वानी, 30 जून (हि.स.)। हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने मंगलवार को बताया कि जलभराव और जल निकासी की व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिन क्षेत्रों में हर वर्ष वर्षा के दौरान पानी भरने की समस्या रहती है, वहां समय रहते वाटर पंप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मौसम संबंधी एडवाइजरी पर लगातार नजर रखे हुए है और उसी के अनुरूप आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तहसील स्तर पर 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखा गया है।
प्रशासन ने गौला नदी के किनारे रहने वाले लोगों को नोटिस जारी कर मानसून के दौरान सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। साथ ही कलसिया, देवखड़ी और रक्सिया नाले के किनारे रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट ने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान नदियों और नालों में जलस्तर बढ़ने पर उन्हें पार करने का प्रयास न करें और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।

