नीट पेपर लीक प्रकरण गंभीर, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: भाजपा
- DSS Admin
- May 12, 2026
देहरादून, 12 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भटृ ने नीट-2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक प्रकरण को गंभीर बताते हुए मामले की सीबीआई जांच को आवश्यक और स्वागत योग्य कदम करार दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ ने मंगलवार को जारी बयान में युवाओं से सरकार पर भरोसा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने एमबीबीएस प्रवेश परीक्षा में कथित गड़बड़ी को गंभीरता से लेते हुए परीक्षा रद्द कर दी है और मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी है। सरकार छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा दोबारा परीक्षा एक सप्ताह के भीतर कराने की तैयारी की जा रही है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि सरकार पहले ही परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर कड़ी सजा का प्रावधान करने वाला कानून लागू कर चुकी है। ऐसे में इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नए कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच के दौरान सामने आने वाली खामियों को दूर कर भविष्य में नकल और पेपर लीक से मुक्त परीक्षा प्रणाली विकसित की जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनके शासनकाल में नियुक्तियों और परीक्षाओं में पेपर लीक और 'पर्ची-खर्ची' का चलन आम था, वही आज नैतिकता का पाठ पढ़ा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों में परीक्षा रद्द कराने के लिए अदालतों का दरवाजा खटखटाना पड़ता था।
उन्होंने युवाओं से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने देगी और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वालों को कड़ा सबक सिखाया जाएगा।

