सेवा पखवाड़े से जनकल्याणकारी सरकार की अवधारणा हो रही साकार : महेंद्र भट्ट
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
देहरादून, 07 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत को जनकल्याणकारी सरकार की अवधारणा का प्रतिबिंब बताया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, सुशासन और समर्पण पखवाड़े को पूरी क्षमता और समर्पण के साथ शत-प्रतिशत सफल बनाने का आह्वान किया।
महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को कार्यकर्ताओं के नाम जारी संदेश में कहा कि जनता ने भाजपा की नीति और नीयत पर विश्वास जताते हुए बार-बार सेवा का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा नियुक्त समन्वयकों के नेतृत्व में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और संगठन के कार्यकर्ता शासन-प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने में जुटे हैं। उद्देश्य यह है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
भट्ट ने दावा किया कि अभियान के पहले चरण में पांच लाख से अधिक लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया गया। उन्होंने कहा कि 88 हजार से अधिक लोगों को सामाजिक और आर्थिक पहचान से जुड़े प्रमाणपत्र उपलब्ध कराए गए तथा रोजगार एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया।
उन्होंने विश्वास जताया कि दूसरे चरण की सकारात्मक शुरुआत को देखते हुए इस बार भी अभियान व्यापक स्तर पर सफल होगा और सरकार की योजनाएं दूरस्थ क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचेंगी।
--------------

