ट्राउट मत्स्य पालन से आत्मनिर्भर बने दिनेश, सालाना पांच लाख रुपये की आय
- DSS Admin
- Jul 07, 2026

रुद्रप्रयाग, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर रुद्रप्रयाग जिले के लदोली गांव निवासी दिनेश सिंह चौधरी ने ट्राउट मत्स्य पालन के क्षेत्र में सफलता हासिल की है। शहर की नौकरी छोड़कर गांव लौटे दिनेश आज ट्राउट उत्पादन के साथ अपनी हैचरी में ब्रीडिंग भी कर रहे हैं और प्रतिवर्ष चार से पांच लाख रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं, जिससे लोगों की आय बढ़ने के साथ रिवर्स पलायन को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
दिनेश सिंह चौधरी ने वर्ष 2021 में गांव लौटकर ट्राउट मत्स्य पालन शुरू किया। मत्स्य पालन इकाई की स्थापना में उन्होंने 60 प्रतिशत निवेश स्वयं किया, जबकि शेष 40 प्रतिशत सहायता मत्स्य विभाग ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध कराई।
जिला प्रभारी मत्स्य अधिकारी मंजू भाकुनी ने बताया कि दिनेश को प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के तहत विभागीय सहायता प्रदान की गई थी। योजना का लाभ मिलने के बाद उन्होंने ट्राउट मत्स्य पालन को स्वरोजगार के रूप में अपनाया और अब सफलतापूर्वक मत्स्य उत्पादन कर अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मत्स्य विभाग किसानों और युवाओं को समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन, योजनाओं की जानकारी और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराता है, ताकि अधिक से अधिक लोग मत्स्य पालन से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने कहा कि दिनेश सिंह चौधरी की सफलता ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाती है कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी उपयोग तथा मेहनत के बल पर गांव में रहकर भी सम्मानजनक आजीविका स्थापित की जा सकती है।

