वीरांगना ऊदा देवी पासी की जयंती पर सपा कार्यालय में गोष्ठी आयोजित

वीरांगना ऊदा देवी पासी की जयंती पर सपा कार्यालय में गोष्ठी आयोजित

औरैया, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) जिला कार्यालय ककोर में मंगलवार को 1857 की महान वीरांगना ऊदा देवी पासी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके साहस और बलिदान को याद करते हुए एक गोष्ठी का आयोजन भी किया गया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि वीरांगना ऊदा देवी पासी भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की ऐसी महान नायिका थीं, जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया। उन्होंने बताया कि ऊदा देवी का जन्म 30 जून 1830 को लखनऊ के समीप उजरियांव गांव में हुआ था। वर्ष 1857 की क्रांति में उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ मोर्चा संभालते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि सिकंदर बाग की लड़ाई के दौरान ऊदा देवी ने पुरुषों की वेशभूषा धारण कर पीपल के पेड़ पर चढ़कर अंग्रेज सैनिकों पर हमला किया था। उन्होंने अकेले ही 36 अंग्रेज सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया था। उनके अद्भुत साहस और वीरता को देखकर अंग्रेज अधिकारी भी हैरान रह गए थे। कहा जाता है कि अंग्रेज अधिकारियों ने भी उनके साहस को सम्मान देते हुए अपनी हैट उतारकर श्रद्धांजलि अर्पित की थी।

उन्होंने कहा कि वीरांगना ऊदा देवी का जीवन महिलाओं के साहस, संघर्ष और देशभक्ति की मिसाल है। समाज को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश और समाज की सेवा के लिए आगे आना चाहिए।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री विनोद यादव कक्का, विधायक रेखा वर्मा, रश्मि यादव, वीरेंद्र राजपूत, राजकुमार गौतम लोधी, वीरेंद्र शास्त्री, कप्तान सिंह यादव, अनवर सिंह यादव, उमेश निषाद, नवीन वर्मा, हिमांशु पाल, अजय यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर