काम के लिए कश्मीर गए नाबालिग युवक के धर्म परिवर्तन का वीडियो वायरल, पिता ने लगाया जबरन धर्मांतरण कराने का आरोप
- DSS Admin
- May 18, 2026

बिजनौर, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र के एक युवक का कश्मीर में धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम बनने का मामला प्रकाश में आया है। युवक के पिता ने पूर्व भाजपा सांसद भारतेन्द्र सिहं के साथ सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा को शिकायत पत्र देकर युवक को कश्मीर से वापस लाने की गुहार लगाई है। इस षड्यंत्र में शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की भी मांग की है।
इस मामले से सम्बन्धित एक विडियो काफी वायरल हो रहा है। वीडियाे में युवक विशाल मुस्लिम धर्म अपनाने की बात कहते दिखाई दे रहा है। इस विडियो में कुछ लोगों की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं जो उससे पूछ रहे हैं कि क्या तुम इस्लाम अपनी मर्जी से बिना किसी दबाव के स्वीकार कर रहे हो। यह पूछने वाले विडियो में दिखाई नहीं देते। एसपी अभिषेक झा ने इस मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी संग्राम सिंह को जांच करने के आदेश दिए हैं।
पूरी जानकारी के अनुसार थाना शहर कोतवाली बिजनौर के गांव बहादुरपुर गढी़ निवासी किशन कुमार का पुत्र विशाल कुमार कश्मीर में सैलून का काम सीखने के लिए गांव काजू वाला के निवासी युवक वसीम के साथ गया था। पीड़ित पिता ने बताया कि उसका पुत्र अभी नाबालिग है। सैलून का काम सीखने काजू वाला गांव के वसीम के साथ गया था। उसे 15 मई 2026 की रात 8:00 बजे जानकारी मिली कि उसके पुत्र ने धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम धर्म अपना लिया है। उसने बेटे विशाल से बात की तो उसने रोते हुए जानकारी दी कि वह अब मुस्लिम बन गया है। उसने पिता से गुहार लगाई कि उसे यहां से किसी तरह बचा लें।
भाजपा के पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने इस मामले में पुलिस अधीक्षक से मिलकर कार्रवाई की मांग की है। युवक विशाल नाबालिग है और कानून के अनुसार नाबालिक का धर्म परिवर्तन नहीं कराया जा सकता। थाना शहर कोतवाली प्रभारी रामपाल प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में पीड़ित पिता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

