बैंक आफॅ इंडिया के सोना गायब प्रकरण में 4 अभियुक्त गिरफ्तार

फिरोजाबाद, 19 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के थाना अराँव पुलिस टीम ने शुक्रवार को ग्राम भारौल स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में रखे करोड़ों के 96 गोल्ड पैकेट्स का गबन करने के प्रकरण में चार अभियुक्त को गिरफ्तार किया है जबकि पुलिस ब्रांच मैनेजर सहित तीन को एक दिन पूर्व ही जेल भेज चुकी है। अब तक इस मामले में कुल सात आराेपिताें काे गिरफ्तार किया जा चुका है लेकिन ताज्जुब की बात यह है​ कि बैंक प्रबंधन सिर्फ 96 पैकेट गायब होने की प्राथमिकी दर्ज करा रहा है लेकिन इनके वजन व कीमत के बारे में चुप्पी साधे है और पुलिस भी उसी हिसाब से जांच कर रही है। पुलिस बरामदगी सामान के वजन व कीमत का सही जानकारी नहीं दे पा रही है।

थाना प्रभारी अरांव ऋषि कुमार ने बताया कि शुक्रवार को ग्राम भारौल स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में गबन करने वाले मुकदमे में वांछित 04 अभियुक्त राहुल पुत्र ओम प्रकाश निवासी ग्राम बासगाँव पोस्ट राहिन बसरेहर जिला इटावा हाल निवासी नगला कुंवरप्रसाद कस्बा व थाना शिकोहाबाद, भानू प्रताप सिंह पुत्र विनोद कुमार निवासी मोहल्ला यादव कालोनी कस्बा व थाना शिकोहाबाद, अंकुर पुत्र गिरीश चन्द्र निवासी बडा बाजार कस्बा व थाना शिकोहाबाद व रिषभ पुत्र रामकुमार निवासी मोहल्ला गढैया बडा बाजार कस्बा व थाना शिकोहाबाद को चौहान ढाबा के पास से गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी के विरुद्ध कार्यवाही कर इन्हें जेल भेजा है।

कराेड़ाें का है मामला

बैंक ऑफ इंडिया की भरौल शाखा से ग्राहकों का करोड़ों रुपये का सोना गबन होने का मामला बुधवार को सामने आया था। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार बैंक शाखा के स्टाफ और मुख्य चाबी धारक दिलीप कुमार निवासी गांव बासगांव, बकेवर, इटावा पिछले 27 मई से बिना बताए अनुपस्थित था। जिससे तिजाेरी से संबंधित कार्य ठप था। उससे कोई संपर्क न होने पर संदेह हुआ। इसलिए मामले की जानकारी आगरा कार्यालय को दी गई। इसके बाद 15 जून को वरिष्ठ सुरक्षा प्रबंधक अंकित और घिरोर शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक सुशील कुमार को भरौल भेजा गया। वीडियो रिकार्डिंग के साथ डुप्लीकेट चाबी से तिजोरी खोली गई तो उसमें गोल्ड के 96 पैकेट कम पाए गए। पुलिस ने बैंक के आंचलिक कार्यालय के मुख्य प्रबंधक आदित्य प्रताप सिंह की तहरीर पर तत्कालीन शाखा प्रबंधक संदीप यादव, स्टाफ अधिकारी दिलीप और नरेश कुमार पर रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को इन तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।-------

   

सम्बंधित खबर