मीरजापुर, 07 जुलाई (हि.स.)। कछवां थाना क्षेत्र के अनंतपुर (तुलापुर) स्थित मोडिलहवा तालाब के किनारे लावारिस हालत में मिले 31 पासपोर्ट के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर वीजा बनवाने, विदेश में नौकरी दिलाने और पासपोर्ट नवीनीकरण के नाम पर लोगों से पासपोर्ट लेने का आरोप है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक भरत सुमन ने मंगलवार काे बताया कि छह जुलाई को तालाब के किनारे पानी में भीगी एक संदिग्ध पोटली से 31 पासपोर्ट बरामद हुए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर गठित टीम ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान कछवां थाना क्षेत्र के जलालपुर निवासी ओमकार गुप्ता और पसियाही निवासी खाजा यादव की संलिप्तता सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने विभिन्न लोगों से पासपोर्ट नवीनीकरण, वीजा बनवाने और विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर पासपोर्ट लिए थे। अधिकांश पासपोर्ट की वैधता समाप्त होने और उन्हें वापस न करने के कारण सभी पासपोर्ट एक पोटली में बांधकर तालाब के किनारे फेंक दिए थे।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है।
---------------

