कानपुर, 04 जून (हि.स.)। कानपुर नगर की चकेरी पुलिस ने चेन स्नेचिंग और वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें, एक मंगलसूत्र और 24 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
छावनी एसीपी अमित चौरसिया ने गुरुवार को बताया कि 23 मई को चकेरी क्षेत्र में एक महिला के साथ चेन स्नेचिंग की घटना हुई थी। इसके अलावा वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जांच चल रही थी। खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान फतेहपुर के औंग थाना क्षेत्र निवासी कुंदन पटेल उर्फ अर्जुन भैया और कल्याणपुर थाना क्षेत्र के साई गांव निवासी ऋषभ उर्फ आदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कानपुर नगर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चेन स्नेचिंग और वाहन चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि कुंदन पटेल उर्फ अर्जुन भैया के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में करीब 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि ऋषभ उर्फ आदेश के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपिताें के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।--------------------

