अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग त्यागी हत्याकांड की सीबीआई जांच मांग, अधिवक्ताओं ने सौंपा ज्ञापन

बागपत, 17 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग त्यागी की निर्मम हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर अब आवाज तेज हो गई है। जिला बार एसोसिएशन बागपत के अधिवक्ताओं ने बुधवार को जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश सरकार के नाम ज्ञापन दिया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि गाजियाबाद के ग्राम बसंतपुर सैथली निवासी चिराग त्यागी ने अपनी प्रतिभा, संघर्ष और उपलब्धियों से देश-प्रदेश का नाम रोशन किया था। ऐसे होनहार खिलाड़ी की हत्या से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा खेल जगत और युवा वर्ग गहरे आक्रोश व शोक में है। अधिवक्ताओं ने इसे प्रदेश में खिलाड़ियों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से हत्याकांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने तथा मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करने की मांग की गई है, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। इसके अलावा फरार आरोपियों पर तत्काल इनाम घोषित कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की भी बात कही गई है। पीड़ित परिवार की सहायता के लिए एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद, माता-पिता को पेंशन, आजीविका के लिए दुकान उपलब्ध कराने और सुरक्षा हेतु शस्त्र लाइसेंस दिए जाने की मांग भी उठाई गई है। साथ ही गांव सैथली में चिराग त्यागी के नाम पर खेल मैदान या मिनी स्टेडियम निर्माण तथा किसी प्रमुख सड़क या सार्वजनिक स्थल का नामकरण उनके नाम पर करने का प्रस्ताव रखा गया है। इस मौके पर आकाश त्यागी बड़ागांव, सुबोध बंशल, सतीश त्यागी, रोहित त्यागी, ऋषि कौशिक, प्रदर्शन भारद्वाज, अरुण कौशिक, हरीश गुर्जर, श्रीकांत धामा आदि के साथ काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर