सोनभद्र में गैंगस्टर एक्ट के तहत आठ गिरफ्तार

सोनभद्र, 03 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक द्वारा गैंगस्टर अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में राबर्ट्सगंज कोतवाली, हाथीनाला एवं करमा थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि गैंगस्टर अभियुक्तों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया गया है। इस अभियान में राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने चार गैंगस्टर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन चार पहिया वाहन भी जब्त किए हैं। यह अभियुक्त अवैध खनन व अवैध तरीके से खनिज पदार्थ का परिवहन कराते हैं। राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने मारकुंडी निवासी अरमान खान पुत्र सलाउद्दीन, राबर्ट्सगंज निवासी आरिफ खान पुत्र निजामुद्दीन, मिर्जापुर जिला निवासी रंजीत कुमार पुत्र राजेश यादव और राबर्ट्सगंज निवासी दिनेश्वर केशरी पुत्र विजय कुमार केशरी को गिरफ्तार किया है। इसी तरह से हाथीनाला थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के दो वांछित अभियुक्त करमा निवासी आलम पुत्र बिस्मिल्ला व वकील पुत्र लालचन्द्र को गिरफ्तार कर लिया है। करमा थाना पुलिस ने भी दो गैंगस्टर अभियुक्त करमा निवासी सुरेश मौर्या और सनोज यादव पुत्र बग्गल यादव को गिरफ्तार किया है। सभी अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है

   

सम्बंधित खबर