फंदे पर लटका मिला युवक का शव, मुकदमा दर्ज

फिरोजाबाद, 17 मई (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत रविवार को एक युवक का शव खेत पर बनी कोठरी के फंदे पर लटका मिला है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाई है और घटना की जांच कर रही है।

थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत गांव नगला बिलौटीय निवासी अतिन (17) पुत्र अजय कुमार शनिवार रात खेत पर बनी कोठरी पर सोने के लिए गया था। रविवार को जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। वह खेत पर बनी कोठरी पर पहुंचे तो अतिन का शव कमरे में फंदे पर लटका हुआ था। यह देख परिजन हैरान रह गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई है।

मृतक जहां फंदे पर लटका हुआ था, वहां खून भी पड़ा मिला है। जिस कारण परिजनों ने अनहोनी की आशंका भी जाहिर की है। परिजनों ने बताया कि मृतक का शनिवार को कुछ लोगों से विवाद हो गया था। जिस कारण वह मानसिक तनाव में था। इसी कारण उसने यह कदम उठाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही ज्ञात होगा।

इस सम्बन्ध में सीओ शिकोहाबाद अमरीश कुमार ने बताया कि युवक का शव फंदे पर लटका मिला है। मृतक के पिता की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर