विंध्याचलः अखाड़ा घाट पर बड़ा हादसा टला, डूब रहे पांच श्रद्धालुओं को नाविकों ने बचाया
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
मीरजापुर, 14 जून (हि.स.)। विंध्याचल के अखाड़ा घाट पर रविवार की रात करीब आठ बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्नान के दौरान एक ही परिवार के पांच श्रद्धालु गंगा में डूबने लगे। घाट पर मौजूद नाविकों की सूझबूझ और तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के अंबाला से आया परिवार मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन से पूर्व अखाड़ा घाट पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान 42 वर्षीय आशीष का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जाने लगा। उसे बचाने के प्रयास में 21 वर्षीय सुमित, 17 वर्षीय समीर, 34 वर्षीय प्रेम और 27 वर्षीय राकी भी पानी में उतर गए। देखते ही देखते सभी डूबने लगे, जिससे घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही वहां मौजूद छह से अधिक नाविक बिना देर किए गंगा में कूद पड़े। नाव की सहायता से उन्होंने सभी पांचों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। नाविकों की त्वरित कार्रवाई से सभी की जान बच गई और किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई। बचाए गए श्रद्धालुओं के परिजनों ने नाविकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि वे समय पर मदद के लिए नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था। परिजनों ने कहा कि नाविक उनके परिवार के लिए भगवान बनकर सामने आए और उनकी जान बचा ली।
घटना के बाद घाट पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। नाविकों के साहसिक कार्य की स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने भी सराहना की। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में घाटों पर तैनात नाविकों की सतर्कता और सेवा भावना कितनी महत्वपूर्ण है।
--------------------
---------------

