मीरजापुर, 17 मई (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र के दाढ़ी राम गांव के मजरा देवरा अर्जुनपुर में रविवार सुबह एक युवक का शव नीम के पेड़ से फंदे पर लटकता मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
देवरा अर्जुनपुर निवासी भुट्टन का 30 वर्षीय पुत्र मस्तराम पारिवारिक कलह से परेशान था। बताया गया कि वह नशे का आदी था, जिसे लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार रात भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा, जिसका उसकी पत्नी निशा ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा हुआ।
परिजन के मुताबिक विवाद के बाद पत्नी बच्चों के साथ सोने चली गई, जबकि मस्तराम देर रात घर से बाहर निकल गया। घर से करीब पांच सौ मीटर दूर स्थित नीम के पेड़ पर उसने रस्सी के सहारे फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
रविवार सुबह ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे, तभी पेड़ से युवक का शव लटकता देख शोर मचाया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है।
थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

