लखीमपुर खीरी, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी में लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बने चोर गिरोह के पांच अपराधियाें को खीरी पुलिस और स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। इनके पकड़े जाने से खीरी और कोतवाली सदर क्षेत्र में हुई चोरी की कई बड़ी घटनाओं का सनसनीखेज खुलासा हुआ है।
एसपी खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने साेमवार काे बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान मुनव्वर, प्रमोद कुमार, रामनारायण, संजय और उत्तम के रूप में हुई है। ये सभी खीरी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पुलिस टीम ने अपराधियों के पास से चोरी का भारी मात्रा में माल बरामद किया है, जिसमें चाँदी 10 जोड़ी पायल, 20 अदद बिछुआ, 1 करधनी और 8 पुराने सिक्के शामिल हैं, सोना की 5 अंगूठी, 1 ओम लॉकेट, 3 जोड़ी झुमके, 1 मांग टीका, मांग बिन्दी, 2 मंगलसूत्र और नाक की बालियां हैं। इसी के साथ नगदी 7,100 नगद और अभियुक्त मुनव्वर के पास से एक 315 बोर का अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। इन चोरों के खिलाफ थाना खीरी और कोतवाली सदर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (जैसे 305(a), 331(4), 317) और आर्म्स एक्ट के तहत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ सख्त विधिक कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।
---------------

