वाराणसी में निकाली गई पल्स पोलियो अभियान की जन-जागरूकता रैली
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
वाराणसी, 27 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में रविवार से शुरू होने जा रहे पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से शनिवार को जनपद स्तरीय जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वहीं जनपद के समस्त विकास खंडों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा शहरी क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से भी पल्स पोलियो अभियान के प्रति जन-जागरूकता के लिए रैलियां निकाली गईं। इन रैलियों में आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, स्वास्थ्य कर्मियों, नर्सिंग छात्र-छात्राओं एवं विभागीय अधिकारियों- कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी बैनर लेकर आमजन से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं तथा पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में सहयोग करें।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एस एस कनौजिया ने बताया कि 28 जून (रविवार) को जनपद के सभी पोलियो बूथों पर बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा, जहां 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक खुराक पिलाई जाएगी। इसके उपरांत 29 जून (सोमवार) से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे सभी बच्चों को पोलियो की वैक्सीन पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को बूथ पर अवश्य लेकर आएं तथा घर आने वाली स्वास्थ्य टीमों का भी पूरा सहयोग करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक अभिभावक का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। हमारा लक्ष्य है कि जनपद का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। सभी नागरिक अभियान में सक्रिय सहभागिता करें और प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं।
रैली के दौरान डब्ल्यू एचओ के सर्विलांस ऑफिसर डॉ महेंद्र, जेएसआई के प्रोग्राम ऑफिसर डॉ शाहिद एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------

