एक दिवसीय दौरे पर बुधवार को अमेठी पहुंचेंगे राहुल गांधी
- DSS Admin
- May 19, 2026

अमेठी, 19 मई (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 20 मई बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मई महीने की भीषण गर्मी के बीच जहां तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच चुका है, वहीं राहुल गांधी के आगमन से जिले का सियासी तापमान भी बढ़ने लगा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने मंगलवार को बताया कि राहुल गांधी सबसे पहले गौरीगंज स्थित रामदीन पंडित का पुरवा पहुंचकर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं गांधी परिवार के करीबी रहे स्वर्गीय योगेंद्र मिश्रा के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। इसके बाद वह सुलतानपुर रोड स्थित किसान तेल आपूर्ति केंद्र के पीछे आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी, विभिन्न फ्रंटल संगठनों और बूथ अध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे। कार्यक्रम में करीब दो हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्य अनुपम पांडेय ने बताया कि राहुल गांधी कार्यकर्ताओं में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उत्साह भरेंगे और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संदेश देंगे। बैठक के बाद वह मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल में नई अल्ट्रासाउंड मशीन का उद्घाटन करेंगे तथा इंदिरा गांधी कॉलेज ऑफ नर्सिंग के नवनिर्मित ऑडिटोरियम का लोकार्पण करने के बाद लखनऊ रवाना हो जाएंगे। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आज से दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरा शुरू हो गया है। गांधी मंगलवार को रायबरेली पहुंचे हैं। वह यहां विभिन्न कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके उपरांत वह अमेठी आएंगे।
---------------

