मीरजापुर में गंगा कटान रोकने की तैयारी तेज , अधीक्षण अभियंता ने कार्यस्थल का किया निरीक्षण
- DSS Admin
- May 12, 2026
मीरजापुर, 12 मई (हि.स.)। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग सोन संगठन वाराणसी के अधीक्षण अभियंता विजय कुमार ने मंगलवार को मीरजापुर जिले के जिगना क्षेत्र के गोगांव गांव में चल रहे कटान रोधी कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गंगा में संभावित बाढ़ से पहले 50 प्रतिशत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता ने गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा। चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही या गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मशीनों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। बताया गया कि पश्चिम वाहिनी गंगा की तेज धारा से गोगांव क्षेत्र में कटान का खतरा लगातार बढ़ रहा था। इससे तट के किनारे बनी झुग्गी-झोपड़ियों के गंगा में समाहित होने की आशंका बनी हुई थी। जन जागरण मंच के बैनर तले लंबे संघर्ष के बाद शासन से कटान रोधी परियोजना को मंजूरी मिली थी।
बीते 11 अप्रैल को विधायक रिंकी कोल ने करीब सात करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 415 मीटर लंबे कटान रोधी कार्य का शिलान्यास किया था। वर्तमान में समतलीकरण, नींव खुदाई और स्टोन पिचिंग का कार्य जारी है। मौके पर छह जेसीबी और दो पोकलेन मशीनें लगाई गई हैं। इस दौरान एसडीओ उमेश द्विवेदी, सहायक अभियंता अंकित कुमार, अवर अभियंता गुलाब चंद्र राजपूत, रतनलाल दुबे, करन सिंह, विवेक सिंह और मौनी लाल शुक्ला समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
---------------

