लखनऊ, 23 मई (हि.स.)। दुबग्गा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक तेज रफ्तार चार पहिया पिकअप वाहन ने ऑटो रिक्शा में टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल ऑटो रिक्शा चालक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी अभिनव कुमार वर्मा ने बताया कि माल थाना क्षेत्र के नवीं पनाह नगर निवासी मोहम्मद कलीम (37) ऑटो रिक्शा चलाता था। शनिवार को वह छन्दोईया ईदगाह के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास मौजूद था, तभी एक अज्ञात डाला वाहन ने उसके ऑटो रिक्शा में टक्कर मार दी। दुर्घटना में कलीम गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को एंबुलेंस के माध्यम से ट्रामा सेंटर लखनऊ भिजवाया गया। इलाज के दौरान घायल कलीम की मृत्यु हो गई। सूचना प्राप्त होने पर थाना दुबग्गा पुलिस तत्काल अस्पताल पहुंचकर जांच पड़ताल की।
थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना कारित करने वाले अज्ञात वाहन एवं चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रार्थना पत्र प्राप्त होने पर अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
---------------

