चारधाम यात्रा व फायर सीजन में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त:एसएसपी
- DSS Admin
- May 22, 2026
पौड़ी गढ़वाल, 22 मई (हि.स.)। एसएसपी सर्वेश पंवार ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में मासिक अपराध गोष्ठी ली। इस दौरान जनपद की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सार्वजनिक सुरक्षा की गहन समीक्षा की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन की 62 शिकायतों के निस्तारण सहित कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए और 20 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण, महिला एवं बाल सुरक्षा मामलों में संवेदनशील कार्रवाई और साइबर अपराधों की रोकथाम पर जोर दिया गया। न्यायालयीय वारंटों की प्रभावी तामिली और सक्रिय अपराधियों पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। चारधाम यात्रा और वर्तमान फायर सीजन के मद्देनजर यातायात प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया।
एसएसपी ने कहा कि नशा उन्मूलन अभियान को केवल कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए सप्लाई नेटवर्क पर प्रहार करें और ड्रग्स हॉटस्पॉट्स पर नियमित चेकिंग बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में प्राप्त 78 शिकायतों में से 62 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 16 लंबित हैं। वर्ष 2026 में अब तक 338 शिकायतों में से 272 का निस्तारण हुआ है।
गोष्ठी में एएसपी कोटद्वार मनोज ठाकुर, एएसपी संचार अनूप काला, अभियोजन अधिकारी राजीव डोभाल, सीओ सदर तुषार बोरा, सीओ कोटद्वार निहारिका सेमवाल, पुलिस उपाधीक्षक अस्मिता ममगाईं आदि मौजूद रहे।

