विंध्य ब्रांड से आत्मनिर्भर बन रहीं महिलाएं, हर ब्लॉक में खुला विंध्य मार्ट

मीरजापुर, 07 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में विंध्य ब्रांड नई पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और आधुनिक तकनीक से जोड़कर स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

जनपद की सैकड़ों महिलाएं विंध्य ब्रांड के तहत घरेलू उत्पादों के साथ बनारसी साड़ियां एवं महिला स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े उत्पाद तैयार कर रही हैं। इन उत्पादों की बिक्री के लिए जिले के प्रत्येक विकास खंड में विंध्य मार्ट स्थापित किया गया है। गुणवत्ता और उचित मूल्य के कारण इन उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की आय में वृद्धि हो रही है।

मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने मंगलवार को बताया कि विंध्य मार्ट रिटेल चेन प्रणाली पर आधारित है, जहां स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री की जाती है। उन्होंने कहा कि इस पहल से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही स्थानीय उत्पादों को भी नई पहचान मिल रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर