देवरिया, 07 जुलाई (हि.स.)। जिले के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह गोरखपुर-देवरिया फोरलेन पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानेदार विनोद सिंह ने बताया कि
मृतक की पहचान चांद पलिया गांव निवासी बृजेश मिश्रा (55) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह मंगलवार सुबह अपनी मोटरसाइकिल से मेडिकल स्टोर पर दवा लेने जा रहे थे। जैसे ही वह एक होटल के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बृजेश मिश्रा सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर का पहिया उनके पैर के ऊपर से गुजर गया। उनके सिर में भी गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बृजेश मिश्रा अपने पीछे चार पुत्रियों और एक पुत्र आदित्य मिश्रा उर्फ चंकी को छोड़ गए हैं। उनका पुत्र प्रयागराज के एक विश्वविद्यालय में कार्यरत है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
---------------

