कानपुर में पड़ोसी दुकानदार ने मासूम को गलत तरीके से छुआ, मुकदमा दर्ज
- DSS Admin
- May 15, 2026
कानपुर, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद के बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने एक मासूम बच्ची के साथ बैड टच किया। बच्ची की सतर्कता और परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बच्ची ने परिजनों को बताया कि जब वह स्कूल से वापस आ रही थी तभी घर के बगल में अभिषेक तिवारी नाम के युवक की जनरल स्टोर की दुकान है । आरोप है कि उसने बच्ची को अकेला पाकर दुकान ने बुलाया और उसके साथ गंदी हरकत करने लगा। किसी तरह मासूम आरोपित के चंगुल से छूटकर घर पहुंची। परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें घटना की गंभीरता साफ देखी जा सकती है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने तत्काल बिठूर थाने पहुंचकर शातिर के खिलाफ लिखित तहरीर दी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि घटना संज्ञान में है और परिजनों की तहरीर के आधार पर देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के तीन टीमों का गठन किया गया है जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।----------

