कन्नौज: पूर्व सपा नेता नवाब और उसके भाई नीलू यादव की संपत्ति की गई कुर्क
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
कन्नौज, 07 जुलाई (हि.स.)। पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव और उसके भाई गैंगस्टर नीलू यादव की 5 करोड़ 25 लाख रुपये कीमत की संपत्ति मंगलवार को कुर्क की गई। 11 सम्पत्तियों में 25 बीघा खेत और 3 मकान शामिल हैं।
कार्रवाई में शामिल एसडीएम सदर नवनीता राय, सीओ कुलवीर सिंह, सीओ सदर शिल्पा वर्मा और कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह राजस्व टीम और पुलिस कर्मियों के साथ कंदरौली बांगर पहुंचे। यहां उन्होंने नवाब सिंह और नीलू यादव की कथित तौर पर अपराध कर गलत तरीके से अर्जित की गई खेती को कुर्क किया। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में उनके तीन मकानों को भी कुर्क किया गया।
एसडीएम सदर नवनीता राय ने बताया कि माफिया नवाब सिंह यादव और उनके भाई नीलू यादव ने इन सम्पत्तियों को अपराध करके गलत ढंग से अर्जित किया था। कुर्क की गई सम्पत्ति करीब 5 करोड़ 25 लाख कीमत की है, जोकि नवाब सिंह यादव और वीरपाल यादव उर्फ नीलू ने परिजनों व सहयोगियों के नाम पर दर्ज करवा रखीं है। इससे पहले भी दो बार नवाब और नीलू की संपत्तियों की कुर्की की जा चुकी। इसकी कीमत करीब 11 करोड़ रुपये आंकी गई। इस प्रकार अब तक कुल 16 करोड़ से अधिक की सम्पत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं।-----------------

