भाजपा सरकार में जनता परेशान, 2027 में बनेगी सपा सरकार : शिवपाल यादव
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
फिरोजाबाद, 05 जुलाई (हि.स.)। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है, जनता मौजूदा हुकूमत से परेशान है, इसलिए 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव रविवार को फिरोजाबाद के डाहिनी गांव में पूर्व विधायक स्व. जगदीश यादव के बेटे अधिवक्ता राकेश यादव और उनकी पत्नी को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे थे। इसके बाद सपा महासचिव शिवपाल यादव शिकोहाबाद पहुंचे। जहां वह पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के यूपी प्रवास को लेकर कहा कि भाजपा कुछ भी कर ले, लेकिन 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव यूपी के मुख्यमंत्री बनेंगे क्योंकि भाजपा सरकार ने जनता के लिए कोई बड़ा काम नहीं किया, बल्कि जनता से झूठ बोला है।
भाजपा झूठ की राजनीति करती है। जनता महंगाई, बेरोजगारी और भृष्टाचार से परेशान है। भाजपा के लोग कानून नहीं मानते हैं और इस सरकार में कानून व्यवस्था नाम की चीज तक नहीं है। उन्होंने प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर द्वारा अखिलेश यादव को केवल यादवों का नेता बताए जाने के सवाल पर कहा कि वह कुछ भी बोल देते हैं, उन्हें किसी अच्छे डॉक्टर को दिखाने की जरूरत है। अयोध्या में चंदा चोरी के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि इसमें छोटे लोगों को फंसाया जा रहा है, जबकि बड़े लोग जो ट्रस्ट के पदाधिकारी हैं उन्हें बचाया जा रहा है। इस दौरान सपा नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

