प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले अजय राय का पुतला भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका
- DSS Admin
- May 23, 2026
—प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा लिखने के लिए भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर,वाराणसी को सौंपा ज्ञापन
वाराणसी, 23 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ महोबा में कथित अमर्यादित टिप्पणी के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भाजपा नेताओं, पार्टी के आईटीसेल और आनुषांगिक इकाइयों के निशाने पर हैं। राय के खिलाफ सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर मोर्चा खोल भाजपा कार्यकर्ता और नेता अजय राय के खिलाफ सड़क पर भी उतर आए हैं।
शनिवार को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा, काशी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का प्रतीक रूप से पुतला फूंक कर उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद मोर्चा के प्रतिनिधि मंडल ने ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर, वाराणसी आलोक प्रियदर्शी के कार्यालय में जाकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ लिखित शिकायत सौंपा। प्रतिनिधि मंडल ने जेसीपी को अजय राय के आपत्तिजनक बयान की जानकारी दी और उनके विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर विधि सम्मत कार्यवाही का आग्रह किया। जेसीपी ने शिकायती पत्र का अवलोकन कर उचित कार्यवाही करने की बात कहीं।
ज्ञापन सौंपने के बाद मोर्चा के काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस नेता अजय राय की स्थिति अब राजनीति में हास्यास्पद और निराशा के अंधकार में समाहित हो चुकी है। अब अपने को चारों ओर से घिरा देख प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वायरल वीडियो को एआई जनरेटेड बताने लगे है। जबकि वास्तव में वो विशुद्ध रुप से बेहयाई जनरेटेड वीडियो है। जो कांग्रेस नेता के काले चरित्र को समाज में दर्शा रहा है, लोग उनका वीडियो देखकर अब उनको ही गाली दे रहे हैं। अजय राय द्वारा महोबा में प्रधानमंत्री के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी अमर्यादित और असामाजिकता का उदाहरण है। उन्होंने काशी की संस्कृति और जनता की भावनाओं पर कुठाराघात किया है। ऐसा बयान देकर अजय राय ने पिछड़े समाज का भी उपहास उड़ाया है, जो घोर निंदनीय है। पुतला दहन और ज्ञापन सौंपने में मोर्चा के प्रतिनिधि मंडल में विपुल कुमार पाठक, धीरेंद्र शर्मा एडवोकेट, भाजपा काशी क्षेत्र के कार्यालय मंत्री अधिवक्ता श्रीप्रकाश शुक्ला, शंकर जायसवाल, रजनीश अग्रवाल एडवोकेट,सुनील कन्नौजिया एडवोकेट, राहुल जायसवाल, धीरेंद्र शर्मा एडवोकेट, प्रदीप जायसवाल आदि शामिल रहे।

