वाराणसी में ब्रिक्स सम्मेलन के कल्चर वर्किग ग्रुप की बैठक 4-5 जून को, प्रशासनिक तैयारियां शुरू

—निदेशक संस्कृति मंत्रालय,वाराणसी कमिश्नर ने कल्चर ग्रुप की मेजबानी एवं आयोजन को लेकर की बैठक-चार ग्रुप में आएंगे विदेशी मेहमान

वाराणसी, 21 मई (हि.स.) उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में आगामी ब्रिक्स सम्मेलन के अंतर्गत संस्कृति कार्य समूह की बैठक चार-पॉच जून को होनी है। इसकी प्रशासनिक तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही है। गुरूवार शाम ब्रिक्स सम्मेलन की मेजबानी एवं आयोजन संबंधी तैयारियों को लेकर निदेशक संस्कृति मंत्रालय प्रियंका चंद्र व वाराणसी परिक्षेत्र के मंडलायुक्त एस.राजलिंगम ने जिला प्रशासन के आला अफसरों के साथ बैठक की।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं, जिससे वाराणसी की सांस्कृतिक विरासत एवं आतिथ्य परंपरा का प्रभावी प्रदर्शन किया जा सके।

उन्होंने कहा कि ब्रिक्स सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से काशी की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा। बैठक में पर्यटन विभाग, संस्कृति विभाग, नगर निगम, लोकनिर्माण, पुलिस प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आयोजन स्थल, आवागमन, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अतिथियों की सुविधाओं से संबंधित तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की। मंडलायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि भारत इस वर्ष लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण थीम के तहत ब्रिक्स देशों व सहयोगी (ब्राजील, चीन, भारत, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, इंडोनेशिया, रूस, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात) की बैठकों का आयोजन कर रहा है। उक्त क्रम में ही वाराणसी के होटल ताज में आगामी 4-5 जून 2026 को ब्रिक्स देशों के अंतर्गत संस्कृति कार्य समूह की बैठक होना है। जिसमें अतिथियों का आगमन कुल चार ग्रुपों में होना है। बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, एडीएम सिटी राजेश , एडीएम प्रोटोकोल विनय कुमार, एडीएम एफआर सदानंद गुप्ता, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा आदि रही।

   

सम्बंधित खबर