विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं गति बनाए रखना आवश्यक : हरदीप सिंह पुरी
- DSS Admin
- May 18, 2026
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक में शामिल हुए केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री
वाराणसी, 18 मई (हि. स. )। दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई ।
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं गति बनाए रखना आवश्यक है। केंद्रीय मंत्री ने योजनाओं के क्रियान्वयन तथा सफल संचालन के लिए संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि व विधायक गणों से संपर्क जरूर करें तथा संचालित योजनाओं की अपेक्षित प्रगति के लिए अगले छह महीने के कैलेंडर बनाकर संबंधित को अवगत भी कराएं ।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी । जिसमें मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, श्याम प्रसाद मुखर्जी रर्बन मिशन, ग्रामीण स्वरोजगार, सांसद आदर्श ग्राम योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, परंपरागत कृषि विकास योजना, जल जीवन मिशन योजना आदि रही। उन्होंने बताया कि पीएनजी कनेक्शन की वर्तमान प्रगति 100 कनेक्शन प्रतिदिन से बढ़ाकर 400 हो चुका है। शीघ्र ही इसे 1000 प्रतिदिन तक बढ़ा लिया जाएगा, ताकि बड़ी आबादी तक जल्द पाइप लाइन से सप्लाई सुनिश्चित हो सके। अगले दो महीनों में लगभग सभी घरों को पाइप लाइन से आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
सांसद वीरेंद्र सिंह द्वारा वरूणा काॅरीडोर के कार्यों, वर्तमान प्रगति, इस पर खर्च हुए 400 करोड़ समेत अन्य बातों को उठाया गया जिसमें अध्यक्ष द्वारा आरोपों की जांच कराकर अगली दिशा बैठक में अवगत कराने को निर्देशित किया। सांसद वीरेंद्र सिंह ने निर्माणाधीन कमिश्नरी कंपाउंड, कमच्छा स्थित थियोसॉफिकल सोसाइटी की जमीन तथा डीएलडब्ल्यू स्थित गोल्फ कोर्ट के पीपीपी माॅडल की बात उठाई। जिसपर अध्यक्ष ने जिलाधिकारी को तीनों परियोजनाओं की पूरी जानकारियां संबंधित सांसद को देने के लिए निर्देशित किया।
सांसद प्रिया सरोज द्वारा करखियाव स्थित अमूल फैक्ट्री तथा त्रिलोचन बाईपास के पास चिह्नित ब्लैक स्पॉट का मुद्दा उठाया गया। अध्यक्ष ने एनएचएआई को मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। बैठक में पिंडरा विधायक ने जल जीवन मिशन ग्रामीण के कार्यों, जलापूर्ति की आपूर्ति, सड़कों के रिस्टोरेशन के मुद्दे को उठाया ।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्मार्ट सिटी के अब तक पूरे हुए 62 कार्यों से अध्यक्ष को अवगत कराया। लोहता में सड़क निर्माण के बाद सड़क किनारे घरों में जमा होने वाले पानी एवं सीवर की समस्या उठाई गई। इस पर जलनिगम द्वारा नयी एसटीपी निर्माण की जानकारी दी गई जिसपर अध्यक्ष द्वारा पूरी परियोजना से संबंधित जानकारी से अवगत कराने को निर्देशित किया गया।
बैठक में लोकसभा चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह, मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य अन्नपूर्णा सिंह, विधायक डॉ अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ सुनील पटेल, सीएमडी गेल, वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, सीडीओ प्रखर कुमार, डीएफओ स्वाति श्रीवास्तव, डीसीपी प्रमोद कुमार आदि की मौजूदगी रही ।

