ग्रीन आर्मी की महिलाएं मिशन शक्ति केंद्रों से जुड़ेगी: डीसीपी प्रमोद कुमार

वाराणसी,17 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में ग्रीन आर्मी से जुड़ी 50 महिलाओं को मिशन शक्ति से जोड़ा जाएगा। ये महिलाएं समाज में नशाबंदी, जुआखोरी और छोटे-मोटे अपराधों पर अंकुश लगाने में सक्रिय भूमिका निभाएगी। यह जानकारी रविवार को डीसीपी वरूणा जोन प्रमोद कुमार ने दी।

डीसीपी कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया चौकी परिसर में होप फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। डीसीपी ने संस्था की महिलाओं से अपराधों पर नियंत्रण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया।

उन्होंने महिलाओं की भागीदारी से सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और समस्याओं के समाधान के लिए मिशन शक्ति केंद्रों का सुझाव भी दिया। उन्होंने ग्रीन आर्मी से जुड़ी महिलाओं को मिशन शक्ति केंद्रों पर नियमित रूप से क्रमबद्ध तरीके से बैठाने की बात कही, ताकि क्षेत्र की महिलाएं अपनी समस्याएं रख सकें और उन्हें समय पर सहायता मिल सके।

बताते चलें कि पहली बार शहरी इलाकों में ग्रीन आर्मी के गठन की पहल कैंट थाना क्षेत्र से की गई है, जिसमें लगभग 50 महिलाओं को जोड़ा गया है। कार्यक्रम में पूर्व सदस्य छावनी परिषद शैलजा श्रीवास्तव, फुलवरिया चौकी प्रभारी दीक्षा पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन होप फाउंडेशन के सदस्यों ने किया।

-----------

   

सम्बंधित खबर