हिन्दू संगठनों ने सनातनी युवाओं को आत्मरक्षा में दक्ष बनाने के लिए शुरू किया 'शौर्य प्रशिक्षण शिविर'
- DSS Admin
- Jun 08, 2026
'हर घर योद्धा' विशेष अभियान के अंतर्गत वाराणसी में दो जगह शिविर,पहले दिन 60 युवाओं ने लिया भाग
वाराणसी, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सनातनी युवाओं को आत्मरक्षा में दक्ष बनाने के लिए हिन्दूवादी संगठन हिंदू जनजागृति समिति ने धर्म नगरी काशी में 'हर घर योद्धा' विशेष अभियान की शुरूआत सोमवार से की। अभियान में संगठन ने जनपद के दो स्थानों श्री कमलाकर चौबे आदर्श सेवा इण्टर कालेज, ईश्वरगंगी और शिवपुरी वाटिका, गांगकला भट्टा, बड़ागांव में दो पालियों में 'शौर्य प्रशिक्षण' शिविर लगाया। शिविर में हिन्दू युवकों एवं युवतियों के लिए प्रशिक्षण निःशुल्क है।
समिति के उत्तर प्रदेश एवं बिहार राज्य समन्वयक विश्वनाथ कुलकर्णी ने बताया कि युवाओं की शारीरिक और मानसिक दुर्बलता को दूर करने, उनकी सुप्त शक्ति को जागृत करने तथा उन्हें आत्मरक्षा, राष्ट्ररक्षा और धर्मरक्षा के सिद्धांतों से सुसज्जित करने के उद्देश्य से वाराणसी में 'शौर्य प्रशिक्षण' शिविर लगाया गया है। यह शिविर सुबह 5.30 से 7.30 बजे श्री कमलाकर चौबे आदर्श सेवा इण्टर कालेज, ईश्वरगंगी में शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि यह शिविर 14 जून तक चलेगा। पहले दिन शिविर में 60 युवाओं ने भाग लिया। शौर्य प्रशिक्षण शिविर हिन्दू युवकों एवं युवतियों के लिए निःशुल्क है। उन्होंने बताया कि वर्तमान परिवेश में त्योहारों व विशेष अवसरों पर बढ़ती हिंसक एवं विघटनकारी घटनाओं को देखते हुए, हिंदुओं के लिए अपनी और अपनों की रक्षा करना अनिवार्य हो गया है। इसी सुरक्षात्मक उद्देश्य से युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सक्षम बनाने के लिए यह प्रशिक्षण शुरू किया गया है।

