पूर्व विधायक दीपनारायण ने डाला आत्मसमर्पण को आवेदन, साथी अनिल यादव भेजे गए जेल

मामला मोंठ में रंगदारी मांगने व रुपये छीनने का

झांसी, 12 दिसंबर (हि.स.)। मोंठ थाना में दर्ज डकैती और रंगदारी के मुकदमे में सपा के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव की मुश्किलें घटने के स्थान पर बढ़ रही हैं। पुलिस का शिंकजा समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव पर कसता जा रहा है। पुलिस के कसते शिकंजे को देख उनके सहयोगी आरोपित 25 हजार के इनामिया अनिल यादव ने न्यायालय में समर्पण कर दिया। वहां से न्यायिक अभिरक्षा में लेकर उसे जेल भेज दिया। वहीं मुख्य आरोपित पूर्व विधायक दीप नारायण ने भी न्यायालय में आत्मसमर्पण के लिए आवेदन डाल दिया है। न्यायालय ने दो दिन बाद की तारीख लगाई है।

गौरतलब है कि पिछले माह मोठ थाना में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव सहित अनिल यादव और एक अज्ञात के खिलाफ रंगदारी मांगने, 32 हजार की डकैती और मारपीट के आरोप में गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपित फरार चल रहे थे। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी पूर्व विधायक के खास अशोक गोस्वामी को गिरफ्तार कर डकैती के आठ हजार रुपए और पैतीस लाख की नकदी बरामद की थी। पुलिस ने अशोक को जेल भेज दिया था। इधर अनिल यादव और पूर्व विधायक की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने बीस करोड़ की संपत्ति कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया था। पुलिस का शिकंजा कसता देख शुक्रवार काे आरोपित अनिल यादव ने न्यायालय में समर्पण कर दिया। इसकी जानकारी पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप पर दी गई है। वहीं मुख्य आरोपित पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह ने न्यायालय में समर्पण के लिए आवेदन किया है। न्यायालय ने इसमें दो दिन बाद की तारीख लगाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

   

सम्बंधित खबर