ऑटो खराब होने से परेशान युवक 50 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ा, ढाई घंटे चला ड्रामा

कानपुर, 26 मई (हि.स.)। बर्रा थाना अंतर्गत जरौली फेस-1 निवासी एक युवक मंगलवार को घर के पास बनी 50 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक की पहचान शैलेंद्र दुबे के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक है। टंकी पर चढ़ने के बाद उसने शराब पी और नीचे गुजर रहे लोगों से गाली-गलौज करने लगा। यह देखकर इलाके में हड़कंप मच गया और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए युवक को नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार आत्महत्या की धमकी देता रहा। एक पुलिसकर्मी जब टंकी पर चढ़ने लगा तो युवक ने वहीं से कूद जाने की बात कह दी, जिसके बाद पुलिसकर्मी को वापस नीचे उतरना पड़ा। करीब ढाई घंटे तक पुलिस और स्थानीय लोग उसे समझाने में जुटे रहे।

पूछताछ में सामने आया कि शैलेंद्र के दो ऑटो खराब पड़े हैं, जिन्हें उसने गैराज में बनवाने के लिए दिया हुआ है। ऑटो बंद होने से उसकी आमदनी भी रुक गई थी और वह आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। आज उसने अपने पिता चंद्र कुमार दुबे से ऑटो ठीक कराने के लिए पैसे मांगे थे, लेकिन पैसे नहीं मिलने पर वह तनाव में आ गया। इसके बाद उसने शराब खरीदी और पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया।

काफी देर समझाने के बाद पुलिस ने उसे भरोसा दिलाया कि ऑटो ठीक कराने में मदद की जाएगी। इसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया।

बर्रा इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि युवक नशे की हालत में था और आर्थिक परेशानी से परेशान होकर टंकी पर चढ़ गया था। उसे सुरक्षित नीचे उतारकर नशा मुक्ति केंद्र भेज दिया गया।

   

सम्बंधित खबर