केतन लाल हत्याकांड पर पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने जताई कड़ी नाराजगी
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
नई टिहरी, 19 जून (हि.स.)। पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने प्रतापनगर के देवल गांव में हुए केतन लाल हत्याकांड की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो और दोषियों को कठोर से कठोर सजा मिले। टम्टा ने इस घटना पर राज्य सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के बाद न तो डीएम और न ही एसएसपी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और न ही गांव का निरीक्षण किया।
देवल गांव से लौटकर आज यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व सांसद टम्टा ने कहा कि टिहरी सामाजिक समरसता का केंद्र रहा है। यहां बूढ़ाकेदार में एक ही मकान में ब्राह्मण, राजपूत और एससी परिवार ने सालों तक निवास कर दुनिया को संदेश दिया था लेकिन एक छोटी सी भूल ने पिता को हत्यारा और परिवार को आरोपित बना दिया। अच्छा होता कि इस मामले में पुलिस की मदद ली जाती।
उन्होंने केतन हत्याकांड में राजनीति करने वालों को भी चेताया है। कहा कि सामाजिक सद्भाव बना रहना चाहिए। आज केतन के साथ पूरा समाज खड़ा है। प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार को मुआवजा और घटना में घायल दिवाकर डिमरी के इलाज का पूरा खर्च वहन करने की मांग की। कहा कि जिस बेरहमी से केतन की हत्या की गई, उससे सभी में दहशत है।
आरोप लगाया कि धामी सरकार में दलित सुरक्षित नहीं है। देहरादून में तो दूसरे धर्म के मामले में आरोपी के मकान को बुलडोजर से ढहा दिया, लेकिन यहां दोनों हिंदू परिवार का मामला है तो सरकार चुप क्यों है। सीएम के गृह क्षेत्र में भी ऐसा प्रकरण सामने आया।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, शांति भट्ट, मान सिंह रौतेला, विजय गुनसोला, आशा रावत, विजयपाल रावत, ममता उनियाल मौजूद थे।

