हर की पैड़ी से सटे सुभाष घाट पर आवारा घूम रहे गोवंश के स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
- DSS Admin
- May 30, 2026
हरिद्वार, 30 मई (हि.स.)। हर की पैड़ी के समीप सुभाष घाट पर आवारा घूम रहे गौवंश के स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।हरिद्वार नगर निगम की ओर से उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी की शिकायत पर नगर कोतवाली में केस दर्ज किया गया है।
शनिवार को दर्ज किए गए मुकदमे के संदर्भ में शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि प्राप्त तहरीर के अनुसार नगर निगम क्षेत्र में हर की पैड़ी से सटे सुभाष घाट पर एक आवारा गोवंश पाया गया। गौवंश के कान में लगे टेग के आधार पर उसके मालिक की पहचान भूरे की खोल निवासी प्रवेश के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत गौवंश स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी का कहना है कि आवारा गोवंश के सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमने से आमजन, श्रद्धालुओं व यातायात के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इससे जन सुरक्षा और लोक व्यवस्था भी प्रभावित होती है। उन्होंने गौपालकों को हिदायत दी है कि वे अपने पशुधन को खुले में आवारा ना छोड़े।

