चारधाम यात्रा और गंगा दशहरा स्नान पर्व को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

बीडीएस व डॉग स्क्वायड ने चलाया सघन चेकिंग अभियान

हरिद्वार, 23 मई (हि.स.)। चारधाम यात्रा एवं आगामी गंगा दशहरा स्नान पर्व को देखते हुए हरिद्वार पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) और डॉग स्क्वायड की टीमों द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

एसएसपी नवनीत सिंह ने सभी थाना प्रभारियों, बीडीएस एवं डॉग स्क्वायड टीमों को सक्रिय रहकर संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

शनिवार को बीडीएस और डॉग स्क्वायड की टीमें ऋषिकुल स्थित चारधाम यात्रा रजिस्ट्रेशन केंद्र, शहर एवं देहात क्षेत्र के बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं। यहां टीमों ने आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित स्वानों की मदद से परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच की। चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की गहन तलाशी ली गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यात्रा और स्नान पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। हरिद्वार पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से भी सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

---------------

   

सम्बंधित खबर