यूक्रेन ने बैलिस्टिक मिसाइल इंटरसेप्टर तकनीक की दिशा में बढ़ाया कदम, नई रक्षा प्रणाली के परीक्षण का दावा

कीव, 03 जून (हि.स.)। यूक्रेन की प्रमुख मिसाइल और ड्रोन निर्माता कंपनी फायर प्वाइंट ने एक नई बैलिस्टिक मिसाइल का सफल उड़ान परीक्षण करने का दावा किया है। कंपनी के अनुसार, यह मिसाइल भविष्य में विकसित की जाने वाली उन्नत वायु रक्षा प्रणाली की आधारशिला बनेगी, जिसका उद्देश्य दुश्मन की बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही नष्ट करना है।

कंपनी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी इरीना तेरेख ने बताया कि हाल ही में एफपी-7.X मिसाइल का नियंत्रित और गतिशील उड़ान परीक्षण किया गया। यह मिसाइल भविष्य में विकसित होने वाले फ्रेया एंटी-बैलिस्टिक इंटरसेप्टर सिस्टम का प्रमुख हिस्सा होगी।

फायर प्वाइंट के मुताबिक, एफपी-7.X दरअसल उसकी विकसित की जा रही एफपी7 बैलिस्टिक मिसाइल का इंटरसेप्टर संस्करण है। कंपनी का दावा है कि मूल मिसाइल को जमीनी लक्ष्यों पर हमले के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकेगा, जबकि इंटरसेप्टर संस्करण शत्रु मिसाइलों को रोकने के लिए तैयार किया जा रहा है।

कंपनी के सह-मालिक डेनिस श्टिलियरमैन ने पहले संकेत दिया था कि यूरोप की कुछ रक्षा कंपनियों के साथ मिलकर ऐसी वायु रक्षा प्रणाली विकसित करने पर बातचीत चल रही है, जो ध्वनि से तेज गति वाली बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराने में सक्षम होगी। इस परियोजना को अमेरिकी पैट्रियट मिसाइल सिस्टम का अपेक्षाकृत कम लागत वाला विकल्प माना जा रहा है।

---------------------

   

सम्बंधित खबर