सांसद सिकंदर कुमार ने बिलासपुर गोलीकांड पर प्रदेश सरकार को घेरा

ऊना, 16 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के ऊना मंडल का परिचयात्मक वर्ग रविवार को जिला कार्यालय दीप कमल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉक्टर सिकंदर कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष देवेंद्र कौशल ने की। कार्यक्रम में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और स्थानीय विधायक सतपाल सिंह सत्ती भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में संगठन पर्व मनाने के बाद नई कार्यकारिणियों का गठन किया है। इसके तहत विभिन्न स्तरों पर बैठकों और परिचयात्मक वर्गों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पार्टी के सभी पदाधिकारी आपस में परिचित हो सकें और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती मिले। उन्होंने कहा कि इस बैठक के माध्यम से आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करने और सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने की प्रेरणा दी जाएगी।

इस दौरान सांसद सिकंदर कुमार ने बिलासपुर गोलीकांड को लेकर प्रदेश सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब बिलासपुर में ऐसी घटना हुई है। इससे पहले भी डीसी और एसपी कार्यालय के पास कोर्ट परिसर में गोली चलने की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि इस गोलीकांड के दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए।

उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हिमाचल में अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं, जबकि पुलिस कहीं नजर नहीं आ रही। माफिया खुलेआम सक्रिय है और गुंडा तत्व घरों में घुसकर गोलियां चला रहे हैं। लेकिन सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय दूसरों पर आरोप लगाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था से आम जनता डरी हुई है और सरकार को इसे दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

भाजपा नेताओं ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आगामी चुनावों के लिए तैयार रहने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

   

सम्बंधित खबर