पशु चिकित्सालय के उन्नयन पर उपमुख्यमंत्री और पशु पालन मंत्री का जताया आभार
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
ऊना, 03 जून (हि.स.)। हरोली पशु चिकित्सालय को उपमंडलीय पशु चिकित्सालय के रूप में उन्नत किए जाने पर क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार का आभार व्यक्त किया है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के हजारों पशुपालकों और किसानों के लिए लाभकारी साबित होगा तथा पशु स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य सुलिंदर पाल कौर, केवल सिंह, ग्राम पंचायत कांगड़ के प्रधान विनोद कुमार बिट्टू, ग्राम पंचायत पूबोवाल के प्रधान सुमन लम्बड, उपप्रधान पुष्पिंदर सीधर, देवकीनंदन, अजय कुमार, मुल्खराज तथा कपिलदेव ने जहां एक संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया है। पशु चिकित्सालय का उपमंडलीय स्तर पर उन्नयन भी उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी और चीफ वेटरिनरी फार्मासिस्ट के पद सृजित होने से पशुपालकों को बेहतर और विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे न केवल पशुओं के उपचार में सुधार होगा बल्कि दुग्ध उत्पादन और पशुपालन से जुड़े लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री के प्रयासों से हरोली क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है और क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांगें भी पूरी हो रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी हरोली को इसी तरह विकास की नई सौगातें मिलती रहेंगी।
सभी जनप्रतिनिधियों ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रदेश सरकार और विशेष रूप से उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैसला क्षेत्र के पशुपालकों के लिए एक ऐतिहासिक सौगात है।
---------------

