सुपौल, 23 जून (हि.स.)। जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत इंडो-नेपाल रोड पर मंगलवार को हुए एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से जा टकराई।
घायलों की पहचान अररिया जिले के सतपाल कुमार तथा प्रतापगंज थाना क्षेत्र के भालुकूप निवासी इंद्रजीत कुमार और नीतीश कुमार के रूप में हुई है।
बताया गया कि तीनों मजदूर रतनपुरा थाना क्षेत्र में मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भपटियाही के समीप इंडो-नेपाल रोड पर अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद वाहन सड़क किनारे खड़ी ट्रक से पीछे से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायगढ़-भपटियाही पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक तथा ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया।
थानाध्यक्ष जेपी चौधरी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इंडो-नेपाल रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

