ब्रेक फेल होने से पंजाब रोडवेज बस हादसे का शिकार, सवारियां नही होने से टला बड़ा हादसा
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
धर्मशाला, 04 जून (हि.स.)।
धर्मशाला अंतरराज्यीय बस स्टैंड के साथ लगते सुधेड़-चढ़ी रोड़ की तरफ तीखे मोड़ पर गुरुवार को पंजाब रोडवेज की बस हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि बस के ब्रेक नहीं लगने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा जिसके चलते बस सड़क किनारे लगी सुरक्षा बैरियर से टकरा गई। घटना की जानकारी मौके के पास रह रहे एक प्रवासी मजदूर ने दी। गनीमत यह रही कि बस में कोई भी सवारी नही थी। इससे पूर्व ही बस चालक ने सवारियों को बस स्टैंड पर उतारा था। जिसके बाद बस को पार्क करने के लिए ले जाया जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज ढलान वाले मोड़ पर पहुंची तो उसके ब्रेक ने काम नहीं किया, जिससे हादसा हो गया। गनीमत यह रही कि सड़क किनारे लगे पैराफिट और सेफ्टी बैरियर ने बस को आगे बढ़ने से रोक दिया। यदि सुरक्षा बैरियर नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। बस खाली होने के कारण हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। साथ ही हल्का ट्रैफिक जाम भी लग गया जिसे बाद में पुलिस ने क्लियर करवाया।

