बरेका में वर्षभर में निर्मित 375वें रेल इंजन को वित्त मंत्री ने किया राष्ट्र को समर्पित
- Admin Admin
- Feb 21, 2025

वाराणसी, 21 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में निर्मित विद्युत रेल इंजन (डब्ल्यूएपी7) को राष्ट्र को समर्पित किया। मौजूदा वित्त वर्ष में बरेका में निर्मित यह 375वां रेल इंजन है। वित्त मंत्री ने बाद में ड्राइवर कैब में बैठकर इसकी तकनीकी विशेषताओं की जानकारी भी ली। उन्होंने बरेका के अधिकारियों-कर्मचारियों के कर्तव्यनिष्ठा की सराहना भी की।
सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड के तहत मौजूदा वित्त वर्ष में बरेका ने अब तक 375 लोकोमोटिव बनाकर महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। इसके लिए भी केन्द्रीय मंत्री ने अफसरों और कर्मचारियों की मुक्त कंठ से सराहना की।
इसके पूर्व, केन्द्रीय वित्त मंत्री ने बरेका के नवनिर्मित पर्यवेक्षक विश्राम गृह एवं अमृत कानन सामुदायिक पार्क का उद्घाटन किया। यह विश्राम गृह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जिसमें ब्रांडेड फर्नीचर, आरामदायक बेड और उत्कृष्ट शौचालय की व्यवस्था की गई है। यह कर्मचारियों के लिए न केवल विश्राम का केंद्र है, बल्कि उनकी कार्यक्षमता को पुनर्जीवित करने का एक माध्यम भी है। विश्राम गृह के समीप स्थित अमृत कानन सामुदायिक पार्क अपने हरे-भरे वातावरण और स्वच्छता के संदेश के साथ कर्मचारियों को मानसिक शांति और ताजगी प्रदान करता है। विश्राम गृह के साथ पार्क की स्वच्छता और हरियाली का यह संगम कर्मचारियों के जीवन में एक साकारात्मक उर्जा का संचार करता है।
वित्त मंत्री सीतारमण के बरेका लोको फ्रेम शॉप पहुंचने पर महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने अफसरों के साथ उनकी अगवानी की। बरेका परिवार की ओर से वित्तमंत्री का अभिनंदन किया गया। इसके बाद वित्त मंत्री ने लोको असेम्बली शॉप, ट्रेक्शन असेम्बली शॉप और लोको टेस्ट शॉप का सूक्ष्म एवं गहण निरीक्षण किया। उन्होंने लोको निर्माण प्रक्रियाओं का गहनता से अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान कारखाना परिसर की साफ-सफाई, तकनीकी विशेषताओं की उन्होंने उन्मुक्त कंठ से सराहना की।
रेल इंजन की विशेषता
जिस रेल इंजन को आज राष्ट्र को समर्पित किया गया है वह कई मायने में अनूठा और विशेषताओं से पूर्ण है। लोकार्पित WAP7 लोकोमोटिव एक उच्च गति के 6000 अश्व शक्ति का विद्युत लोकोमोटिव है, जो विशेष रूप से सभी प्रकार की यात्री, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को खींचने के लिए डिजाइन किया गया है। इसका पहिया विन्यास प्रत्येक धुरी पर अलग ट्रैक्शन मोटर के साथ अधिकतम शक्ति और स्थिरता प्रदान करता है। इसमें संशोधित गियर अनुपात है, जो इसे तेज और प्रभावी बनाता है। इसकी स्पीड 140 किमी प्रति घंटा है और यह 24 रेक खींचने में सक्षम है। इस लोकोमोटिव में आरटीआईएस, गर्मियों के लिए वातानुकूलित ड्राइवर कैब, सर्दियों के लिए गर्म हवा की सुविधा, हेड ऑन जेनरेशन और रिजेनरेटिव ब्रेक सिस्टम जैसी प्रमुख विशेषताएं हैं जो ब्रेक लगाने पर गतिज ऊर्जा को विद्युत ऊर्जा में परिवर्तित कर ग्रिड में वापस भेजता है, जिससे ऊर्जा दक्षता बढ़ती है। इसमें होटल लोड प्रणाली भी है, जो यात्री डिब्बोंं में रोशनी, पंखे, मोबाइल और लैपटॉप चार्जर, वातानुकूलन और पेंट्री जैसे आरामदायक सुविधाओं को संचालित करती है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी