यमुनानगर: यमुना नहर में मिला शव,पहचान नहीं

यमुनानगर, 9 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी यमुना नहर के हमीदा पुल पर एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची व शव को निकाल कर शिनाख्त न होने के कारण 72 घंटे के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है।

हमीदा पुलिस चौकी के जांच अधिकारी अखिलेश ने रविवार को बताया कि आज दोपहर बाद एक सूचना मिली थी कि एक शव पश्चिमी यमुना नहर में तैरता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची व रस्सी की सहायता से शव को नहर में से बाहर निकाला गया। शव की जामा तलाशी लेने पर कोई पहचान ना हो सकी। उसकी शिनाख्त के लिए शव को एंबुलेंस में रखवा कर 72 घंटे के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान में जुटी है।

वही मौके पर नाहरपुर निवासी वाजिद ने बताया कि उनका छोटा भाई शाहरुख कल रात से लापता था और हम उसकी तलाश में नहर किनारे ढूंढने निकले थे। हमें नहर में एक शव तैरता दिखाई दिया जिसकी सूचना हमने डॉयल 112 नंबर पर दी और पुलिस को बुलाया।

हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग

   

सम्बंधित खबर