
अमेठी, 10 जून (हि.स.)। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) महेंद्र बाबू गुप्ता की निजी इनोवा कार को अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद एआरटीओ ने गौरीगंज कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने परिवहन कार्यालय के बाहर सक्रिय दलालों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
एआरटीओ महेंद्र बाबू गुप्ता ने बुधवार को बताया कि 9 जून की रात वह प्रवर्तन दल के साथ वाहनों की चेकिंग पर निकले थे। चेकिंग अभियान समाप्त कर जब वह करीब रात 2 बजे अपने निवास पर लौटे तो देखा कि उनकी निजी वाहन इनोवा पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दी गई। उन्होंने तत्काल डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम लगभग 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन का फोटो व वीडियो बनाकर जांच शुरू की।
एआरटीओ ने आगे बताया कि इसके बाद वह गौरीगंज कोतवाली पहुंचे और घटना के संबंध में तहरीर दी। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि परिवहन कार्यालय के मुख्य गेट पर कई दिनों से बाहरी दलाल सक्रिय हैं, जो कार्यालय आने वाले लोगों से अवैध वसूली करते हैं और अधिकारियों से संपर्क होने का दावा कर उनका शोषण करते हैं।
महेंद्र बाबू गुप्ता के अनुसार, जब उन्हें इस गतिविधि की जानकारी मिली तो उन्होंने कथित दलाल मोहित सिंह तथा उसके साथियों को बुलाकर पूछताछ की। इस दौरान आरोपितों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और धमकी भी दी। उन्होंने बताया कि बाद में कार्यालय के कर्मचारियों की बैठक बुलाकर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यदि कोई दलाल कार्यालय परिसर में प्रवेश करता है तो इसकी तत्काल सूचना दी जाए, ताकि पुलिस की मदद से उसके विरुद्ध कार्रवाई कराई जा सके। एआरटीओ ने कहा कि जनहित के कार्यों में बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं, लेकिन वह किसी दबाव या धमकी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसेवा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अभियान जारी रहेगा तथा अराजक तत्वों को कानून व्यवस्था बिगाड़ने का अवसर नहीं दिया जाएगा।
गौरीगंज कोतवाल रवि कुमार सिंह ने बताया कि एआरटीओ के द्वारा दी गईं तहरीर प्राप्त की गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में लगी हुई है तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
---------------

