केंद्रीय विद्यालय कुसमुंडा में धूमधाम से मनाया गया विद्याप्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत
- DSS Admin
- Jun 23, 2026
कोरबा, 23 जून (हि. स.)। केंद्रीय विद्यालय कुसमुंडा में मंगलवार को विद्याप्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करना तथा उनके शैक्षणिक जीवन की सुखद और प्रेरणादायक शुरुआत सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य योगेश गुप्ता एवं उपप्राचार्य बिश्राम केरकेट्टा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा जीवन की सफलता की आधारशिला है और विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
विद्याप्रवेश उत्सव का आयोजन विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती सतगुना नायक के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती मंजरी मिश्रा ने किया।
उत्सव के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए विभिन्न स्वागत गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों को विद्यालय के वातावरण से परिचित कराया गया तथा उनके लिए रोचक और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे विद्यालय में उनका पहला दिन यादगार और आनंदमय बन सके। इस दौरान विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि विद्यार्थी शिक्षा, खेल, संस्कृति और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं समाज का नाम रोशन करेंगे।

